सक्ती :- 19 जुलाई 2025:
जिला सक्ती पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 11 किलोग्राम गांजा, एक स्कूटी, और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2,30,000 रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी से रायगढ़ की ओर से गांजा लेकर सक्ती आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मसनिया चौराहे के पास घेराबंदी कर एक बिना नंबर की टीव्हीएस जुपिटर स्कूटी को रोका। स्कूटी पर सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान गुलाब देवांगन (19 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 2, कसेरपारा, सक्ती और उत्तम श्रीवास (35 वर्ष) निवासी मुकडेगा, थाना लैलूंगा, रायगढ़ के रूप में हुई।
पूछताछ में गुलाब देवांगन ने स्वीकार किया कि उसने उत्तम श्रीवास से गांजा खरीदा है और वह उसे अपने घर तक छोड़ने आया है। तलाशी लेने पर स्कूटी के डिक्की व अन्य हिस्सों से कुल 11 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1,10,000 रुपये है। इसके अलावा, 1 लाख रुपये की स्कूटी और 20,000 रुपये मूल्य के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा, वाहन और मोबाइल जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना सक्ती प्रभारी निरीक्षक लखन पटेल, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह, सउनि राजेश यादव, सउनि मथुरा प्रसाद मन्नेवार, आरक्षक जोगेश राठौर, बृजमोहन नेताम, तथा सायबर टीम से आरक्षक अलेक्सयुस मिंज, गोपाल साहू, जितेंद्र कंवर, पवन साण्डे, कमलेश लहरे, और कमलकिशोर सिदार की प्रमुख भूमिका रही।
