ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक जमा कर रहे कर, पंचायत को मिली उल्लेखनीय सफलता
दुर्गा स्व -सहायता समूह को मिली जिम्मेदारी, महिलाओं को भी हो रही अतिरिक्त आमदनी
रायगढ़ :- 15 सितम्बर 2025/ खरसिया विकासखंड के ग्राम पंचायत रक्सापाली ने इस वर्ष कर वसूली में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पंचायत ने अब तक कुल 1,25,458 रुपए की राशि कर रूप में संकलित की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत क्षेत्र के 458 परिवारों द्वारा 1,20,658 रुपए की राशि संपत्ति कर के रूप में तथा 16 व्यवसायियों द्वारा 4,800 रुपए व्यवसाय कर के रूप में जमा किया गया है। इस प्रकार ग्राम पंचायत को कर संग्रह में पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
कर वसूली की जिम्मेदारी पंचायत ने दुर्गा स्व-सहायता समूह को सौंपी थी। समूह की महिलाओं ने मेहनत और ईमानदारी से कर संग्रहण किया। विशेष बात यह रही कि इस बार कर संग्रहण पूरी तरह क्यूआर कोड के माध्यम से किया गया, जिससे पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित हुई। ग्रामीणजन भी कर भुगतान के लिए आगे आकर ग्राम विकास में सहयोग कर रहे हैं। इससे न केवल पंचायत को अधिक संसाधन मिल रहे हैं, बल्कि समूह की महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त हो रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर बन रही हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि कर से प्राप्त धनराशि का उपयोग ग्राम के समग्र विकास एवं बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने में किया जाएगा। कर वसूली में ग्राम पंचायत रक्सापाली के सरपंच, उपसरपंच, सचिव और पूरे पंचायत टीम का विशेष सहयोग रहा।
- जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप मेंत 6 गिरफ्तार, सभी भेजे गए रिमांड पर - October 21, 2026
- मई 2027 तक मिलेगा शहर को आंतरिक रिंगरोड, कैनाल लिंक रोड, और मरीन ड्राइव से सीधे जुड़ेगा केवड़ाबाड़ी चौक से कबीर चौक - October 13, 2026
- नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को लेकर खरसिया में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर बनी सहमति - October 9, 2026
