बैंकिंग सेवाओं के विस्तार एवं डिजिटलाइजेशन पर विशेष जोर
जिला कलेक्टोरेट में विभिन्न बैंकों की समीक्षा बैठक संपन्न
रायगढ़ :- 24 सितम्बर 2025/ जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज विभिन्न बैंकों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र यादव ने सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहन, वित्तीय समावेशन और बैंकिंग सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में गैर-कृषि क्षेत्र में नए सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना को बढ़ावा देने अधिक से अधिक ऋण प्रकरण स्वीकृत किए जाए। यह योजना पारंपरिक कारीगरों एवं बेरोजगार युवाओं को ऋण-आधारित सब्सिडी उपलब्ध कराकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने में सहायक है।
बैठक में वार्षिक साख योजना 2025-26 की समीक्षा की गई। पशुधन, कृषि, मछलीपालन और उद्यानिकी विभागों द्वारा बैंकों को भेजे गए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रकरणों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला पंचायत सीईओ ने लंबित प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत करने और विभागीय अधिकारियों को बैंकर्स के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक प्रकरण प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित ऋण स्वीकृति की प्रगति की भी समीक्षा की और हितग्राहियों को सरल एवं त्वरित ऋण उपलब्ध कराने के लिए कहा।
जिला पंचायत सीईओ यादव ने कहा कि जिले में शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वित्तीय समावेशन को गति मिले। उन्होंने मोबाइल बैंकिंग सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और आमजन तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अग्रणी जिला प्रबंधक कमल किशोर सिंह ने बताया कि बैठक का उद्देश्य विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना, बैंकों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करना तथा योजनाओं के हितग्राहियों को सरलता से ऋण उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर जिले के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप मेंत 6 गिरफ्तार, सभी भेजे गए रिमांड पर - October 21, 2026
- मई 2027 तक मिलेगा शहर को आंतरिक रिंगरोड, कैनाल लिंक रोड, और मरीन ड्राइव से सीधे जुड़ेगा केवड़ाबाड़ी चौक से कबीर चौक - October 13, 2026
- नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को लेकर खरसिया में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर बनी सहमति - October 9, 2026
