मुख्यमंत्री सक्ती जिला के हसौद में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में हुए शामिल
सक्ती :- 11 दिसम्बर 2025 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 11 दिसम्बर को सक्ती जिले के प्रवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री साय के मुख्य आतिथ्य में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विकासखण्ड जैजैपुर अंतर्गत हसौद में 140 जोड़ें परिणय सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री साय ने सभी वर-वधुओं को दाम्पत्य सूत्र में बंधने पर बधाई दी और उनके सुखद जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी वर-वधुओं को अपने माता-पिता की तरह सास-ससुर का भी सम्मान करने, परेशानियों की स्थिति में संयम रखते हुए मिलकर आगे बढने तथा हर सुख -दुःख में एक दूसरे का साथ देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद और निराश्रित परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि शादी के समय होने वाले आर्थिक बोझ को कम किया जा सके, फिजूलखर्ची और दहेज प्रथा को रोका जा सके, और सामाजिक समानता व लड़कियों के सम्मान को बढ़ावा मिले। यह योजना विवाह के लिए जरूरी घरेलू सामान और सामूहिक विवाह के खर्चों के लिए वित्तीय मदद देती है, साथ ही लड़कियों की शिक्षा और 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर जोर देती है।
प्रत्येक जोड़े के विवाह में सरकार द्वारा खर्च की जाती है 50 हजार रूपये
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के विवाह में राज्य सरकार द्वारा 50 हजार की राशि खर्च की जाती है। पहले यह राशि 25 हजार थी, जिसे बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया है। इनमें 36 हजार रुपए की उपहार और परिवहन राशि का चेक मुख्यमंत्री ने नव विवाहित जोड़ों को सौंपा। शेष राशि से वर और वधू दोनों के लिए आभूषण, श्रृंगार, वस्त्र एवं अन्य सामग्री प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधायक निर्मल वर्मा, पूर्व विधायक खिलावन साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य आयुष शर्मा, टिकेश्वर गवेल, संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन, आई जी संजीव शुक्ला, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सी ई ओ वाशु जैन, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वर-वधु के परिजन उपस्थित थे।
- युवक को जबरन बोलेरो वाहन में बिठाकर, मारपीट, लूटपाट करने वाले 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, बोलेरो वाहन व लूटा मोबाइल जप्त - February 6, 2026
- बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से अनुभव क्यू आर कोड किया गया प्रारम्भ - February 6, 2026
- गाली-गलौज की रंजिश में घर में घुसकर हत्या — मुख्य आरोपी व विधि से संघर्षरत बालक 24 घंटे में गिरफ्तार - February 4, 2026
