छाल :- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटाईपाली सी में आयोजित विदाई समारोह भावनात्मक एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित टी आर एन एनर्जी भेंगारी के विभागाध्यक्ष (सुरक्षा एवं प्रशासन) वायुनन्दन पांडे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यह न समझें कि विद्यालय से उनकी यात्रा यहीं समाप्त हो रही है। बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात टी आर एन एनर्जी द्वारा इसी विद्यालय परिसर में सभी विद्यार्थियों के लिए अभिनंदन समारोह एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उनकी क्षमताओं, संसाधनों एवं आगामी योजनाओं पर भी गंभीरता से चर्चा की जाएगी, ताकि उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन मिल सके।
श्री पांडे ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में चाहे जितनी भी ऊंचाइयों को प्राप्त करें, अपने संस्कारों और शिक्षकों के प्रति सम्मान को कभी न भूलें। उनके सारगर्भित एवं प्रेरणादायक उद्बोधन ने विद्यार्थियों के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान की। कई विद्यार्थियों ने अनुभव किया मानो उन्हें एक नए अभिभावक का स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ हो।
संस्था की प्राचार्य नीलिमा तंबोली ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम लाने के लिए समर्पण, अनुशासन और नियमित अध्ययन की प्रेरणा दी। वहीं, शिक्षक राजीव गुप्ता ने जीवन में शिक्षा और संस्कार के महत्व को रोचक उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को ही अपनी ताकत में परिवर्तित करने का संदेश दिया।
कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए गए अपने अविस्मरणीय पलों को साझा किया। उन्होंने विद्यालय को शिक्षा एवं संस्कार का अद्भुत केंद्र बताते हुए शिक्षकों के स्नेह और मार्गदर्शन को जीवनभर याद रखने योग्य बताया। कार्यक्रम भावुकता और आत्मीयता के माहौल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
- कलेक्टर ने ग्राउंड स्तर पर पहुंचकर चावल उत्सव का जायजा लिया, पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश - February 11, 2026
- कलेक्टर ने ग्राउंड स्तर पर पहुंचकर चावल उत्सव का जायजा लिया, पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश - February 11, 2026
- जल जीवन मिशन कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने किया निरीक्षण - February 11, 2026
