बेमेतरा :-29 मार्च 2024// कलेक्टर एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा ने बीते गुरुवार को शाम यहाँ ज़िला कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में लोकसभा निर्वाचन अंतर्गत अधिसूचित अनिवार्य सेवाओं के नोडल अधिकारियों की बैठक ली।बैठक में अपर कलेक्टर अनिल बाजपेयी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती दिव्या पोटाई अनिवार्य सेवाएं डाक मत पत्र के लिए बनाए गए विभागीय नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा ने इस दौरान जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य के लिए 10 सेवाओं को अनिवार्य सेवा के रूप में अधिसूचित किया गया है। इन 10 सेवाओं में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, रेल परिवहन, डाक एवं टेलीग्राम विभाग, बीएसएनएल, आल इण्डिया रेडियो, दूरदर्शन, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, मीडियाकर्मी और भारतीय खाद्य निगम शामिल हैं। बैठक में जिला स्तर पर नोडल अधिकारीयों को फॉर्म 12घ में प्राप्त आवेदनों को इसके भाग 2 में सत्यापित करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि अनिवार्य सेवा के रूप में अधिसूचित किए जाने से इन सेवाओं के ऐसे कर्मचारी, जो शासकीय ड्यूटी के कारण मतदान दिवस को मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट नहीं डाल पाते हैं, केवल उनके लिए डाकमत पत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा दी जाएगी है। ऐसे सभी कर्मियों को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के पांच दिनों के भीतर संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी को अपना आवेदन जमा करना होगा।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव तीन चरणों में हो रहा है। संसदीय क्षेत्र दुर्ग क्रमांक – 7 का लोकसभा निर्वाचन अंतिम चरण में होगा। जिसमें में आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 17 अप्रैल को है। अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी होगी। प्रारूप 12घ में आवेदन करने वाले कर्मचारी को आवेदन में अपना मोबाइल नंबर, वोटर आईडी नंबर और मतदाता सूची में भाग संख्या और सरल क्रमांक सही-सही दर्ज करना होगा। उन्हें वोटर आईडी कार्ड की छायाप्रति भी साथ में संलग्न करनी होगी।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं डाक मतपत्र नोडल श्रीमती दिव्या पोटाई ने जानकारी दी कि नियत समयावधि तक प्राप्त सभी पात्र अनुपस्थित अनिवार्य श्रेणी के मतदाताओं को जिले में पोस्टल वोटिंग सेंटर स्थापित कर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। पोस्टल वोटिंग सेंटर जिले में रिटर्निंग अधिकारी की ओर से निर्धारित किए गए लगातार 3 दिनों तक सुबह 9 से शाम 5 बजे तक संचालित किया जाएगा। पोस्टल वोटिंग सेंटर की स्थापना की सूचना से निर्वाचन लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को अवगत कराया जाएगा ताकि वे मतदान की कार्यवाही के दौरान स्वयं और अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित रहकर इसका अवलोकन कर सकें। इसके साथ ही सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रत्येक दिवस मतदान उपरान्त पोस्टल वोटिंग सेंटर से प्राप्त सभी डाक मतपत्रों को ट्रेज़री स्थित स्ट्रांग रूम में रख कर मतपेटी को सील किया जाएगा।
- पंचधारी एनीकट सहित सभी जलाशयों में सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट - May 12, 2026
- अपहरण के सनसनीखेज मामले में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता—24 घंटे के भीतर युवक सकुशल बरामद, झारखंड से 3 आरोपी गिरफ्तार - May 12, 2026
- सड़क दुर्घटना मामलों में अब लापरवाही की धारा नहीं, ऐसे मामलों में सीधे गंभीर धाराओं में होगी कार्रवाई - May 12, 2026
