रायगढ़ :- 28 जून 2025*- घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बिजारी में पुरानी रंजिश के चलते एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
घटना की जानकारी देते हुए प्रार्थी रमेश्वर साहू पिता स्व. मायाराम साहू (उम्र 55 वर्ष), निवासी ग्राम बिजारी, ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा मस्तराम साहू (उम्र 75 वर्ष) दिनांक 28 जून की सुबह गांव के ही रामचरण चौहान के घर डॉक्टर की जानकारी लेने पहुंचे थे। दरअसल, मस्तराम साहू अपनी आंख का ऑपरेशन कराना चाहते थे, इसी सिलसिले में चर्चा कर रहे थे। उसी दौरान रामचरण का भाई शिवचरण चौहान वहां पहुंचा।
बताया जा रहा है कि शिवचरण और मस्तराम के बीच पहले से आपसी विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश को लेकर शिवचरण ने मौके पर ही अपने पास रखे धारदार टांगी से मस्तराम साहू के गले पर वार कर दिया, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से मस्तराम साहू की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हत्या के बाद आरोपी शिवचरण टांगी लेकर वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर टीआई घरघोड़ा कुमार गौरव साहू तत्काल अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी शिवचरण चौहान पिता स्व. बस्तीराम चौहान (उम्र 60 वर्ष), निवासी ग्राम बिजारी को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया है, आरोपी से प्रयुक्त आलाजरब एक लोहे का धारदार टांगी की जप्ती की गई है ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 168/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर ज्युडिशियल रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
- जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप मेंत 6 गिरफ्तार, सभी भेजे गए रिमांड पर - October 21, 2026
- मई 2027 तक मिलेगा शहर को आंतरिक रिंगरोड, कैनाल लिंक रोड, और मरीन ड्राइव से सीधे जुड़ेगा केवड़ाबाड़ी चौक से कबीर चौक - October 13, 2026
- नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को लेकर खरसिया में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर बनी सहमति - October 9, 2026
