रायगढ़ :- लैलूंगा विकासखंड के हल्का नंबर 23 की पटवारी संगीता गुप्ता पर सुबरा गांव की ग्रामीण महिला गौरी बाई सिदार ने पंचायत बैठक में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि फौती नामांतरण दर्ज कराने के एवज़ में उनसे ₹5000 की रिश्वत मांगी गई थी। गौरी बाई के अनुसार, उन्होंने पहले ही ₹3000 अदा कर दिए थे, शेष राशि काम पूरा होने के बाद मांगी गई। इस आरोप का लिखित पंचनामा पंचायत में पेश किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पंचायत में मौजूद जनप्रतिनिधियों तथा पंचों ने दावा किया कि पटवारी गुप्ता के खिलाफ यह पहला मामला नहीं है; बीते समय में कई राजस्व प्रकरणों में अवैध वसूली की शिकायतें उठी हैं, परंतु प्रशासनिक कार्रवाई अब तक शून्य रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रिश्वत देने के बावजूद काम समय पर पूरा नहीं होता, जिससे लोगों को निरंतर दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं और मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ता है।
कलेक्टर कार्यालय घेराव की चेतावनी
ग्रामीणों का आक्रोश इस कदर है कि उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है—यदि जल्द जांच कर पटवारी को निलंबित नहीं किया गया, तो वे रायगढ़ कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे, और ज़रूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री निवास तक पहुँचकर न्याय की माँग करेंगे।
प्रशासन पर सवालिया निशान
सरकार जहाँ “भ्रष्टाचार मुक्त शासन” का दावा करती है, वही अधिकारी खुलेआम वसूली कर रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद राजस्व विभाग एवं जिला प्रशासन की चुप्पी पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं।
अब क्या कदम उठाएगा प्रशासन?
वायरल वीडियो, पंचायत पंचनामा एवं जनप्रतिनिधियों के समर्थन के बाद निगाहें प्रशासन पर टिक गई हैं—क्या पटवारी संगीता गुप्ता पर त्वरित कार्रवाई होगी, या यह मामला भी लंबित फाइलों में दफन हो जाएगा? ग्रामीणों ने दो-टूक कहा, “इस बार चुप नहीं बैठेंगे—या कार्रवाई, या सड़क पर निर्णायक लड़ाई।”
> यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठे, तो लैलूंगा की धरती जल्द ही एक नए जनआंदोलन की गवाह बन सकती है।
- फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के खेल की जांच तेज, ट्रेवल्स एजेंसी में पुलिस-आरटीओ की संयुक्त दबिश - June 14, 2026
- उधारी रकम की जबरन वसूली के लिए घर में घुसकर मारपीट करने वाले गुण्डा बदमाश कपिल सोलंकी, मनीष परियानी और गिरीश माखिजा गिरफ्तार - June 14, 2026
- ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध कबाड़ परिवहन करते 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप जब्त - June 10, 2026
