एसपी अंकिता शर्मा की पहल पर पुलिस लाइन सक्ती में हुआ आयोजन
सक्ती :- 18 जुलाई 2025 – पुलिस अधीक्षक सक्ती अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में आज पुलिस लाइन सक्ती में एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जिले के पुलिस कर्मियों, वनकर्मियों, नगरसेना, जेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर का उद्देश्य बल के सदस्यों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच कर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था, ताकि वे शारीरिक रूप से फिट रहकर अधिक दक्षता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ हड्डी रोग, मधुमेह, रक्तचाप एवं अन्य आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं।

यह स्वास्थ्य शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सक्ती के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने लगभग 300 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस अवसर पर स्वयं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शिविर में उपस्थित होकर इसकी निगरानी की और उपस्थित अधिकारियों व चिकित्सकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल भविष्य में भी जारी रहेगी, जिससे बल की कार्यक्षमता के साथ-साथ उनके परिवारों का स्वास्थ्य भी सुनिश्चित किया जा सके।

शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अंजली गुप्ता, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती मनीष कुंवर, चंद्रपुर के एसडीओपी सुमित गुप्ता, रक्षित निरीक्षक उमेश कुमार राय सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
