सैकड़ों नागरिकों को मिला नि:शुल्क उपचार एवं परामर्श
रायगढ़ :- 25 जुलाई 2025/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में आयुष विभाग द्वारा विभिन्न स्थलों पर आयुष स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आमजन को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के लाभ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से न केवल नि:शुल्क औषधियों का वितरण किया जा रहा है, बल्कि नागरिकों को संतुलित जीवनशैली, योग और आहार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की जा रही हैं।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत वृद्धाश्रम बाजीनपाली, चक्रधर बालिका सदन रायगढ़, नीलांचल बाल गृह, प्राथमिक शाला तारापुर सहित अन्य चिन्हांकित स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर नि:शुल्क औषधि वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ लिया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा मौसमी बीमारियों, जोड़ों के दर्द, अपाचन, सिरदर्द, तनाव आदि सामान्य व्याधियों के उपचार हेतु आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। साथ ही योग विशेषज्ञों द्वारा योगाभ्यास के सत्र आयोजित कर दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को आयुष चिकित्सा प्रणाली की सरल, सुलभ और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे लोग निरोगी जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्सक, परामर्शदाता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संस्था प्रमुख भी उपस्थित रहे।
- जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप मेंत 6 गिरफ्तार, सभी भेजे गए रिमांड पर - October 21, 2026
- मई 2027 तक मिलेगा शहर को आंतरिक रिंगरोड, कैनाल लिंक रोड, और मरीन ड्राइव से सीधे जुड़ेगा केवड़ाबाड़ी चौक से कबीर चौक - October 13, 2026
- नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को लेकर खरसिया में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर बनी सहमति - October 9, 2026
