शक्ती :- 06 अगस्त 2025।
थाना सक्ती की पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी व दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 03 नग मोटरसाइकिल बरामद की है, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹90,000 आँकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीष तेंदुलकर, निवासी सेंदुरी थाना जैजैपुर ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 03 अगस्त 2025 को वह स्वामी आत्मानंद स्कूल कचहरी सक्ती में परीक्षा दिलाने आया था। भारत माता मूर्ति के पास उसने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर (CG 11 CF 6692) खड़ी की थी, लेकिन वापस आने पर वह मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी किए जाने की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना सक्ती पुलिस ने सभी प्रमुख मार्गों और दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेजों का बारीकी से अवलोकन किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में परसदाखुर्द निवासी आरोपी विरेंद्र महंत (उम्र 33 वर्ष) को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा की गई सूझबूझ भरी पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि उसने दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी गिरोह ने एक माह पूर्व बुधवारी बाजार, सक्ती से भी दो अन्य मोटरसाइकिलें चोरी की थीं, जिन्हें रेस्ट हाउस सक्ती के पास छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
चूंकि मामले में तीन आरोपी शामिल थे, पुलिस ने बीएनएस की धारा 3(5) भी जोड़ते हुए आरोपी विरेंद्र महंत को 06 अगस्त 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा, वहीं नाबालिग बालकों को माननीय किशोर न्याय बोर्ड, जांजगीर में प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में सउनि एंथोनी एक्का, प्र. आर. शब्बीर मेमन, संजीव शर्मा, आरक्षक यादराम चंद्रा, जोगेश राठौर व अन्य थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की तत्परता व सजगता से क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
