रायगढ़ /खरसिया :- 08 अगस्त 2025:छत्तीसगढ़ में यादव समाज की सामाजिक न्याय की मांग अब तेज़ होती जा रही है। इसी कड़ी में आज खरसिया तहसील के छत्तीसगढ़ यादव समाज के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल के नाम एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा, जिसे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खरसिया के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में यादव समाज के रावत उपनामधारी उपवर्गों को केन्द्र सरकार की ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) सूची में शामिल करने की मांग की गई है। समाज का कहना है कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में रहने वाले रावत उपनामधारी यादव समुदाय के कई उपवर्ग अब भी इस सूची से बाहर हैं, जिससे वे शिक्षा, नौकरी, और अन्य सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं।
प्रतिनिधियों ने ज्ञापन के माध्यम से यह भी बताया कि इस वंचना के चलते रावत उपनामधारी यादव समाज के लोग सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़ते जा रहे हैं, जो सामाजिक समानता और न्याय के मूलभूत सिद्धांतों के विपरीत है।
ज्ञापन सौंपते समय समाज के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन व युवा वर्ग उपस्थित थे। यादव समाज ने सरकार से इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि यह मांग केवल अधिकार की नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और न्याय की भी है।
