सारंगढ़।जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ के ग्राम पंचायत पिकरीपाली एवं आश्रित ग्राम तेन्दुभाठा के ग्रामीणों ने गांव में फैल रहे अवैध कच्ची महुआ, देसी तथा अंग्रेजी शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि किश्न कुमार नारंग, विकाश नारंग सहित गांव के कुछ लोग बीते कई वर्षों से अवैध शराब का धंधा खुलेआम कर रहे हैं। उनके अनुसार इस अवैध कारोबार के कारण गांव में नशाखोरी बढ़ी है, जिससे शांति व्यवस्था बिगड़ रही है और बच्चों की शिक्षा तथा गांव का वातावरण बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि शराब पीने के लिए न केवल गांव के लोग, बल्कि आसपास के गांवों के लोग भी यहां आते हैं। स्थिति यह है कि छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक नशे की गिरफ्त में हैं। शिकायत में पहले भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सूचना देने की बात कही गई है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि थाना सरसीवां एवं आबकारी विभाग की मिलीभगत से अवैध शराब की बिक्री को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आबकारी अधिकारी महज सौ मीटर की दूरी पर मौजूद रहते हैं, फिर भी कोई रोकथाम नहीं की जाती।
ग्रामीणों ने गांव में हुई शराब से मौतों का भी जिक्र किया है—पिकरीपाली के 16 वर्षीय महेन्द्र जांगड़े की हाल ही में शराब सेवन से मौत हुई, वहीं तेन्दुभाठा की छतबाई पति घांसीराम बंजारे और गुलाब अनंत की मौत भी कथित रूप से शराब सेवन से हुई है।
शिकायत में चेतावनी दी गई है कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई तो समस्त ग्रामवासी उग्र आंदोलन एवं चक्का जाम करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन–प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आरोपी लोग अपने घरों सहित दूसरों के घर में भी शराब छिपाकर रखते हैं और नाबालिग बच्चों से सप्लाई करवाते हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से गांव के उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए तत्काल अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
- युवक को जबरन बोलेरो वाहन में बिठाकर, मारपीट, लूटपाट करने वाले 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, बोलेरो वाहन व लूटा मोबाइल जप्त - February 6, 2026
- बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से अनुभव क्यू आर कोड किया गया प्रारम्भ - February 6, 2026
- गाली-गलौज की रंजिश में घर में घुसकर हत्या — मुख्य आरोपी व विधि से संघर्षरत बालक 24 घंटे में गिरफ्तार - February 4, 2026
