रायगढ़ :- लोग प्रायः पदोन्नति से खुश होते हैं, परंतु नव पदोन्नत प्राचार्य मनोज कुमार कुजूर के लिए यह खुशी अपने साथ भावनात्मक विदाई का दर्द भी लाई। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय, सहकर्मियों, विद्यार्थियों और गांव के लोगों से मिला अपनापन कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। लगभग 27 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद अब उन्हें शासकीय हाई स्कूल तेलीपाली (पुसौर) में प्राचार्य के रूप में पदस्थ किया गया है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोडतराई में आयोजित विदाई समारोह में कुजूर सर ने कहा कि यहां के विद्यार्थियों का स्नेह और निरंतर संपर्क उनकी वास्तविक पूंजी है। “मैं भले ही यहां से जा रहा हूं, पर मेरा लगाव इस विद्यालय और गांव से सदैव बना रहेगा। आप सभी ने जो सम्मान और प्रेम दिया, उसके लिए मैं सदा ऋणी रहूंगा,” उन्होंने कहा।
हाल ही में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा ई संवर्ग के व्याख्याताओं तथा प्रधान पाठकों की पदोन्नति की गई है। इसी क्रम में कोडतराई में लंबे समय से कार्यरत व्याख्याता एलबी मनोज कुजूर को प्राचार्य बनाया गया है। उनके सम्मान में विद्यालय के कर्मचारियों द्वारा विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शाला विकास एवं प्रबंधन समिति की पूर्व अध्यक्षा लक्ष्मी देवी पटेल तथा विद्यालय के प्राचार्य एस.आर. भगत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नव पदोन्नत प्राचार्य मनोज कुजूर अपनी धर्मपत्नी ज्योति कुजूर (शिक्षिका) तथा पुत्री ईशा रेनू कुजूर के साथ शामिल हुए। अतिथियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। कुजूर परिवार ने भी विद्यालय एवं कर्मचारियों को विशेष भेंट प्रदान की।
कार्यक्रम में लक्ष्मी देवी पटेल, एस. आर. भगत, जी. पी. नायक, जे. एस. दीवान, नवीन कुमार दुबे सहित कई विद्यार्थियों ने कुजूर सर के साथ बिताए पलों को याद किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में बड़ी संख्या में विद्यालय के कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
- जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप मेंत 6 गिरफ्तार, सभी भेजे गए रिमांड पर - October 21, 2026
- मई 2027 तक मिलेगा शहर को आंतरिक रिंगरोड, कैनाल लिंक रोड, और मरीन ड्राइव से सीधे जुड़ेगा केवड़ाबाड़ी चौक से कबीर चौक - October 13, 2026
- नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को लेकर खरसिया में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर बनी सहमति - October 9, 2026
