सक्ती :- 07 जनवरी 2026 / कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डभरा विनय कश्यप के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई। राजस्व विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 07 जनवरी 2026 को रात्रि लगभग 01:30 बजे भद्री चौक से सिंघीतराई की ओर तीन ट्रैक्टरों में धान का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जांच दल ने मौके पर पहुंचकर तीनों ट्रैक्टरों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पाया गया कि तीनों ट्रैक्टरों में लगभग 150-150 कट्टी धान लोड किया गया था, जिसके संबंध में वाहन चालकों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। टीम द्वारा तीनों ट्रैक्टरों को अवैध धान परिवहन करते हुए जब्त कर लिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से जब्त किए गए तीनों ट्रैक्टरों को चौकी फ़गुरम में सुरक्षार्थ रखा गया है। अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि अवैध धान परिवहन के इस मामले में नियमानुसार पंचनामा तैयार कर लिया गया है तथा संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अवधि में अवैध परिवहन एवं भंडारण के मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इस प्रकार की कार्यवाहियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। इस कार्यवाही में तहसीलदार डभरा मनमोहन प्रताप सिंह, पटवारी हरमेन्द्र वारे, देव कश्यप एवं राजेंद्र चन्द्रा सहित अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल थी।
- जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप मेंत 6 गिरफ्तार, सभी भेजे गए रिमांड पर - October 21, 2026
- मई 2027 तक मिलेगा शहर को आंतरिक रिंगरोड, कैनाल लिंक रोड, और मरीन ड्राइव से सीधे जुड़ेगा केवड़ाबाड़ी चौक से कबीर चौक - October 13, 2026
- नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को लेकर खरसिया में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने पर बनी सहमति - October 9, 2026
