जैजैपुर :- मकर संक्रांति मेला के दौरान हुए प्राणघातक हमले के मामले में थाना जैजैपुर पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को मात्र 15 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14.01.2026 को प्रार्थी युवराज सिदार अपने साथी आर्यन सिदार, पंकज सिदार एवं राकेश सिदार के साथ ग्राम कचंदा में आयोजित मकर संक्रांति मेला देखने पहुंचे थे। शाम करीब 5 बजे मेला परिसर में झूला झूलने के दौरान ग्राम कचंदा निवासी दीपक केंवट अपने साथी रूपकुमार सिदार, वीरसिंह केंवट एवं तीन नाबालिगों के साथ वहां पहुंचा और युवराज सिदार व आर्यन सिदार के साथ मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जबरन धक्का-मुक्की करने लगा।
विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। दीपक केंवट एवं वीरसिंह केंवट ने धारदार चाकू से आर्यन सिदार के सीने पर प्राणघातक वार कर गंभीर चोट पहुंचाई, वहीं रूपकुमार सिदार ने लोहे की रॉड से युवराज सिदार के सिर पर वार किया। बीच-बचाव करने पहुंचे राकेश सिदार और पंकज सिदार के साथ भी आरोपियों ने लात-घूंसे से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश दी गई। मुख्य आरोपी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि शेष आरोपियों को देर रात और अगले दिन सुबह हिरासत में लिया गया।घायल आर्यन सिदार को तत्काल मालखरौदा अस्पताल ले जाया गया, जहां से रायगढ़ अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज जारी है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 26/2026 धारा 191(1), 109(1), 296 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई के तहत दिनांक 15.01.2026 को आरोपी दीपक केंवट (19 वर्ष), रूपकुमार सिदार (28 वर्ष) एवं वीरसिंह केंवट (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड जांजगीर में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेजा गया।इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जी.एस. राजपूत सहित पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
- महिला एवं बाल विकास विभाग ने जारी की सहायक ग्रेड-03 एवं भृत्य पदों की अंतिम पात्रता-अपात्रता सूची - May 13, 2026
- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय अपील पर सक्ती जिला प्रशासन की अनूठी पहल, बस से पहुंचे अधिकारी - May 13, 2026
- अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत सफलता की सबसे बड़ी कुंजी-कलेक्टर - May 13, 2026
