सक्ती :- थाना सक्ती पुलिस ने चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी विधिवत कार्रवाई की गई है।
प्रार्थी विजय कुमार नामदेव, ग्राम सोंठी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान से तीन नग लोहे की खिड़की और एक टुल्लू पंप अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव (रा.पु.से) एवं एसडीओपी मनीष कुंवर के निर्देश पर थाना सक्ती पुलिस टीम ने लगातार तलाश शुरू की। जांच के दौरान ग्राम सोंठी निवासी प्रेम डेंसिल (21 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन नग लोहे की खिड़की एवं एक नग टुल्लू पंप बरामद कर जब्त किया। आरोपी प्रेम डेंसिल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में सउनि राजेश यादव, प्रआर संजीव शर्मा, आरक्षक यादराम चन्द्रा, बृजमोहन नेताम, गौरसिंह कंवर एवं थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
