सक्ती :- 4 फरवरी 2026
जिला छत्तीसगढ़ के सक्ती थाना क्षेत्र में गाली-गलौज की पुरानी रंजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात में शामिल मुख्य आरोपी मोहनीश कुमार कर्मवीर (37) तथा उसके साथ शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
3 फरवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती से पुलिस को सूचना मिली कि सम्मे लाल श्रीवास को धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक होने पर उन्हें उच्च उपचार के लिए रेफर किया गया, लेकिन बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि अज्ञात हमलावर रात में घर के भीतर घुसे और सम्मे लाल पर सिर, गला व शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार किए।
प्रार्थी टीकाराम श्रीवास के बयान के आधार पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 103(1), 332(बी) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में खुलासा — गाली-गलौज बनी हत्या की वजह
पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण, आसपास पूछताछ और साइबर व डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच तेज की। मुखबिर सूचना पर दो संदिग्धों को मसनियाकला पहाड़ी क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी मोहनीश कुमार कर्मवीर ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि 2 फरवरी को लकड़ी काटकर लौटते समय मृतक ने उसे और उसके परिवार को अश्लील गालियां दी थीं। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने गांव के एक नाबालिग लड़के के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
दोनों रात में घर में घुसे और टांगी से 6–7 वार कर हत्या कर दी।
जप्ती और कानूनी कार्यवाही
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया: घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी,खून से सना काला लोवर,विधि से संघर्षरत बालक का मोबाइल फोन
मुख्य आरोपी को 4 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा। साइबर यूनिट, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस के मुताबिक, “गंभीर अपराधों में त्वरित जांच और तकनीकी सहायता से अपराधियों को शीघ्र पकड़ना प्राथमिकता है।”
यह घटना क्षेत्र में दहशत का कारण बनी हुई है, वहीं पुलिस की तेज कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
- युवक को जबरन बोलेरो वाहन में बिठाकर, मारपीट, लूटपाट करने वाले 3 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, बोलेरो वाहन व लूटा मोबाइल जप्त - February 6, 2026
- बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से अनुभव क्यू आर कोड किया गया प्रारम्भ - February 6, 2026
- गाली-गलौज की रंजिश में घर में घुसकर हत्या — मुख्य आरोपी व विधि से संघर्षरत बालक 24 घंटे में गिरफ्तार - February 4, 2026
